देश में इन दिनों गर्मी का प्रकोप अपनी चरम सीमा पर है,जिसकी वजह से कल बीते मंगलवार को इस गर्मी ने पिछले दस सालों का रिकॉर्ड तोड़ डाला। भीषण गर्मी को देखते हुए मेरठ समेत पश्चिमी उत्तर प्रदेश में रेड अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो-तीन दिन तापमान 42-45 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। मई में गर्मी के बढ़ते कहर ने पिछले 10 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है।
यूपी: 6497 हुए कोरोना संक्रमित, 169 लोगों की हुई मृत्यु
फिलहाल आसमान साफ रहने से गर्मी का असर तेज महसूस हो रहा है। कूलर और एसी भी इस गर्मी से राहत देने में नाकाम होते दिखाई दे रहे हैं। मंगलवार को अधिकतम तापमान 44.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस ज्यादा था। न्यूनतम तापमान भी 26.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पिछले साल 26 मई को अधिकतम तापमान 38.8 और न्यूनतम तापमान 22.6 डिग्री सेल्सियस रहा था।
मौसम वैज्ञानिक डॉ. एन सुभाष के मुताबिक अभी गर्मी का यह दौर जारी रहेगा। अगले तीन दिन का तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। अभी दो दिन हीटवेव बनी रहेगी। मंगलवार को पिछले 10 साल में सबसे अधिक गर्मी रही। बढ़ती गर्मी के चलते पश्चिमी यूपी में रेड अलर्ट जारी कर दिया है। 29 व 30 मई को बारिश व आंधी के आसार हैं। बारिश होने से ही गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है।