बॉलीवुड:। फिल्म जगत की मशहूर कोरियोग्राफर सरोज खान का कार्डियक अरेस्ट के चलते मुंबई में निधन हो गया।सरोज खान को 20 जून को गुरु नानक हॉस्पिटल में सांस लेने की दिक्कत के बाद भर्ती कराया गया था। कल गुरुवार देर रात सरोज खान की तबीयत ज्यादा खराब हो गई और रात करीब 1.52 बजे उन्होंने इस दुनिया को अलविदा कह दिया। सरोज खान के इस तरह चले जाने से पूरा बॉलीवुड सदमे में है।
अस्पताल में भर्ती होने से पहले उनका कोविड टेस्ट कराया गया था, जो निगेटिव आया. सरोज खान के परिवार से जुड़े एक सूत्र ने दावा किया था कि उनका स्वास्थ्य धीरे-धीरे बेहतर हो रहा था। जल्द ही उन्हें डिस्चार्ज कर दिया जाता. लेकिन अचानक देर रात उनकी तबीयत बिगड़ गई और उन्हें बचाया नहीं जा सका. उनके शव को रात में ही परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया। आज सुबह शुक्रवार को 7:00 बजे मलाड के कब्रिस्तान में सरोज खान सुपुर्द-ए-खाक किया गया।
अपने चार दशक के लंबे करियर में सरोज खान ने 20 हजार से ज्यादा गानों की कोरियोग्राफी की है। यही नहीं सरोज खान माधुरी दीक्षित सहित कई बॉलीवुड स्टार की गुरु रही है। सरोज खान को अपनी कोरियोग्राफी की कला के चलते 3 बार नेशनल अवॉर्ड मिल चुका था। संजय लीला भंसाली की फिल्म देवदास में डोला-रे-डोला गाने की कोरियोग्राफी के लिए उन्हें नेशनल अवॉर्ड मिला था।
माधुरी दीक्षित की फिल्म तेजाब के यादगार आइटम सॉन्ग एक-दो-तीन और साल 2007 में आई फिल्म जब वी मेट के सॉन्ग ये इश्क… के लिए भी उन्हें नेशनल अवॉर्ड मिला था। सरोज खान ने कथक, कथकली, मणिपुरी, भारतनाट्यम सहीत कई डांस कलाएं सीखी थी। यही नही उन्होंने बॉलीवुड में बहुत गानों को कोरियोग्राफ किया है। जिसकी वजह से वे काफी हिट रहे। जैसे मिस्टर इंडिया में श्रीदेवी के गाने हवा हवाई, नगीना और चांदनी जैसी फिल्म के गानों को उन्होंने ही कोरियोग्राफ किया था।