अयोध्या में आज बनेगा विश्व रिकॉर्ड,5.51 लाख दीयों से चमक उठेगी राम नगरी

दीपावली के शुभ अवसर पर अयोध्या में आज शनिवार को एक ऐसा विश्व रेकॉर्ड बनेगा, जैसा पूरी दुनिया में कभी नहीं बना होगा और शायद न कभी बनेगा। अयोध्या में दीपावली के शुभ अवसर पर 5.51 लाख दिए जलाये जायेंगे। इस विश्व रिकॉर्ड को दर्ज करने के लिए गिनीज बुक ऑफ रिकॉर्ड की टीम अयोध्या पहुंच चुकी है। ये दीपोत्सव 7 बजे से 7:30 बजे के बीच में प्रारम्भ होगा। साथ ही 14 मठ-मंदिरों को करीब 1.50 दीपों से रोशन करने की भी तैयारी है। आज हजारों लोग अयोध्या में इस दीपोत्सव के साक्षी बनेंगे।

राज्यपाल व सीएम योगी भी होंगे उपस्थित

अयोध्या में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व राज्यपाल आनंदीबेन पटेल रामकथा पार्क में श्री राम,माता सीता व लक्ष्मण के स्वरुप की अगवानी करेंगे। इस पार्क में इंडोनेशिया,फिलीपींस,श्रीलंका,नेपाल की रामायण का भी मंचन होगा। बता दें भारत के अलावा कई देशों में रामलीला का आयोजन किया जाता है। इंडोनेशिया जो की एक मुस्लिम देश है, वहां के चैनल पर रोज रामायण दिखाई जाती है। अयोध्या में लेसर शो के जरिये भी राम कथा के प्रसंग दिखाए जायेंगे। गौरतलब है कि दीपोत्सव की मुख्य अतिथि फिजी की डिप्टी स्पीकर बीना भटनागर होंगी।

कड़ी सुरक्षा के इंतजाम

इतने बड़े समारोह को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गए है। अयोध्या में इस समय चप्पे-चप्पे पर आरएएफ, पीएसी व पुलिस के जवानों के साथ होमगार्ड, फ्लड कंपनी व खुफिया विभाग के लोग तैनात रहेंगे। बता दें राम जन्मभूमि का भी फैसला 17 नवम्बर तक आ जायेगा। अयोध्या में इस वजह से भी हर जगह कड़ी निगरानी की जा रही है।

About Author