कासगंज: लूट में विफल होने पर बाइक सवार बदमाशों ने पशु व्यापारी को मारी गोली

अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हैं कि जनपद में लूट-मार,हत्या आदि की घटनाये थमने का नाम नहीं ले रही है। कासगंज के पटियाली एरिया में मैनपुरी हाईवे पर दरियावगंज के निकट बाइक सवार बदमाशों ने अपने मंसूबे में नाकाम होने पर पशु व्यापारी को गोली मार कर फरार हो गए। गोली लगने से वो गंभीर रुप से घायल हो गया। आनन -फानन में उसे नजदीकी जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। हालत गंभीर होने की वजह से डॉक्टरों ने उसे अलीगढ़ रेफर कर दिया।

घटना का शिकार हुआ व्यक्ति लुडइया गांव का रहने वाला है। व्यापारी का नाम महावीर सिंह है,जोकि पशुओं का व्यापार करता है। महावीर सिंह सोमवार सुबह को वह डेढ लाख रूपये लेकर बाइक से अलीगंज पशु पैठ में बकरों की खरीद-फरोख्त करने के लिए जा रहा था। दरियावगंज समपार फाटक के पास बाइक सवार तीन बदमाशों ने उसे रुकने का इशारा किया।

जब इशारा करने पर व्यापारी ने बाइक नहीं रोकी तो बदमाशों ने उसे गिरा दिया और मारपीट करते हुए जबरदस्ती रुपये छीनने की कोशिश करने लगे। महावीर किसी तरह उनके चंगुल से बच कर भागने लगा। तभी बदमाशों ने उस पर गोली चला दी। सीधे पैर में घुटने के पास गोली लगने से महावीर लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा।

भाजपा नेता धारा सिंह के हत्याकांड में हुआ नया खुलासा

लोगो को आते देख भागे बदमाश

गोली की आवाज सुनकर आस पास के लोग इकट्ठा हो गए। लोगों को अपने तरफ आते देख लुटेरों के होश उड़ गए और वे वहां से भाग खड़े हुए। मौके पर सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने तुरंत घायल को अस्पताल में एडमिट करवाया।

पटियाली कोतवाली प्रभारी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि पशु व्यापारी की बयान के आधार पर लुटेरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिए गया है। बदमाशों को खोजा जा रहा है , जल्द ही उनकी गिरफ्तारी कर जेल भेजा जायेगा।

About Author