यूपी में कमिश्नरी सिस्टम लागू होने के बाद भी बदमाशों के हौसले बुलंद हैं। राजधानी लखनऊ में कचहरी परिसर में एक वकील पर बम से हमला करने का मामला सामने आया है। जिसके बाद से अफरा-तफरी का माहौल बना हुआ है। हमले में लखनऊ बार एसोसिएशन के संयुक्त मंत्री संजीव लोधी बुरी तरह घायल हुए हैं वहीं छह अन्य वकील घायल बताए जा रहे हैं। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना लखनऊ के वजीरगंज स्थित कोर्ट परिसर की है। बताया जा रहा है, दो वकीलों के बीच आपसी विवाद का मामला इतना बढ़ गया कि एक ने देसी बम से हमला कर दिया। अचानक हुए बम धमाके से पूरा परिसर गूंज उठा और कोर्ट में सनसनी फैल गई।
पुलिस के मुताबिक, जिला कोर्ट में वकील संजीव लोधी को निशाना बनाकर बम से हमला किया गया। मौके पर पहुंची पुलिस को घटनास्थल से तीन जिंदा बम भी मिले हैं। घटना के बाद से पूरे परिसर में हड़कंप मचा हुआ है। वहीं हमले के बाद से ही वकीलों में आक्रोश है। वकील संजीव लोधी ने परिसर में वकीलों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठाया है और अपनी सुरक्षा की मांग की है। बताया जा रहा है कि, लखनऊ बार एसोसिएशन के सेक्रटरी जितेंद्र यादव उर्फ जीतू से इनका विवाद चल रहा था। संजीव लोधी ने जीतू यादव पर हमले का आरोप लगाया है। फिलहाल इस घटना के बाद सीसीटीवी फुटेज के जरिए हमलावरों की तलाश की जा रही है।
आखिर बरेली को 54 साल बाद मिल ही गया खोया हुआ झुमका